मुख्यमंत्री धामी ने वरिष्ठ महिलाओं का किया सम्मान, कहा- समाज और राष्ट्र की नींव मजबूत करती हैं महिलाएं, इनके त्याग से पीढ़ियां आगे बढ़ती हैं….


उत्तराखंड : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्य सेवक सदन, देहरादून में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वरिष्ठ मातृशक्ति का सम्मान कार्यक्रम “नारी तू नारायणी” में प्रतिभाग किया. इस दौरान उन्होंने शिक्षा, समाज सेवा, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, संस्कृति, जल संरक्षण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाली राज्य की 38 वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया.

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज उन महिलाओं का सम्मान हो रहा है, जिनके त्याग, संघर्ष, स्नेह और संस्कारों ने परिवार, समाज और राष्ट्र की नींव को मजबूत किया है. महिलाओं के स्नेह, त्याग और आशीर्वाद से पीढ़ियां आगे बढ़ती हैं और समाज निरंतर प्रगति करता है. महिलाएं, मां के रूप में अपने जीवन के हर सुख को त्यागकर अपने बच्चों को आगे बढ़ाती हैं. उन्होंने कहा कि वरिष्ठ महिलाएं, परिवारों के साथ संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों की रक्षक भी हैं. उत्तराखण्ड की मातृशक्ति का योगदान और भी अधिक प्रेरणादायी और गौरवपूर्ण है. हमारे प्रदेश की महिलाएं परिवार को संभालने के साथ खेत-खलिहानों को संवारती हैं. राज्य की महिलाएं कठिन परिस्थिति में भी मजबूती से आगे बढ़ती हैं. उत्तराखण्ड की माताओं ने अपने त्याग, परिश्रम और अदम्य साहस से इस राज्य को आगे बढ़ाया है. पहाड़ की असली ताकत उसकी मातृशक्ति है.

मुख्यमंत्री ने कहा वरिष्ठ नागरिकों, वृद्ध माताओं की सेवा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. राज्य सरकार, महिलाओं-विशेषकर वरिष्ठ महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेकों कल्याणकारी योजनाएं चला रही है. राज्य सरकार, वृद्धावस्था पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है. बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ राज्य के विभिन्न जिलों में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क धार्मिक यात्राओं की सुविधा दे रही है. सरकार का संकल्प है कि उत्तराखण्ड की हर वृद्ध माता को सम्मान, सुरक्षा और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का पूरा अवसर मिल सके.

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि आज जिन वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है, उनका जीवन संघर्ष, धैर्य और समाज के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उनका अनुभव और मार्गदर्शन समाज की अमूल्य धरोहर है. सचिव चंद्रेश कुमार यादव ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम की मुख्य थीम “Give to Gain निर्धारित की गई है. इस थीम के अनुरूप ऐसे वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है, जो 60 वर्ष से ज्यादा उम्र होने के बावजूद भी सक्रिय, आत्मनिर्भर और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं.



Source link

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *